मठ, मंदिर, ऊँचे पर्वत, बर्फ से ढकी सुंदर वादियाँ, हरी-भरी घाटियाँ, स्वच्छ निर्मल वातावरण और साहसिक खेल, प्रकृति के इस सुंदर मिलन को मनाली (Manali) कहा जाता है। हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में स्थित लोकप्रिय हिल स्टेशन मनाली (Hill Station Manali) अपने अन्दर कई अद्भुत और आकर्षक नज़ारे छिपाए हुए है। यहाँ की दिलकश वादियों में खोने और मनाली को करीब से जानने के लिए आपको यहाँ की यात्रा जरूर करनी चाहिए।

समुद्र तल से 2050 मीटर की ऊंचाई पर स्थित मनाली व्यास नदी के किनारे बसा है। गर्मी की छुट्टियों में यहाँ का ठंडा वातावरण राहत देता है वहीँ सर्दियों में बर्फ की सफ़ेद चादर ओढ़े मनाली पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। आप यहाँ के खूबसूरत प्राकृतिक दृश्यों के अलावा मनाली में हाइकिंग, पैराग्लाइडिंग, राफ्टिंग, ट्रैकिंग, कायकिंग जैसे खेलों का भी आनंद उठा सकते है। जंगली फूलों और सेब के बगीचों से छनकर आती यहाँ की सुंगंधित हवाएं, दिलो दिमाग को ताजगी से भर देती हैं।




सोलंग वैली, हिडिम्बा देवी मंदिर, बिजली महादेव, मणिकरण गुरुद्वारा और ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क जैसे कई स्थल मनाली के पर्यटन में चारचाँद लगाते हैं। मनाली के धार्मिक, ऐतिहासिक और रोमांच से भरपूर स्थल आपकी यहाँ की यात्रा को सम्पूर्ण करेंगें।

मनाली का इतिहास History of Manali

पौराणिक ग्रंथों में मनाली को मनु (Manu) का घर कहा गया है। माना जाता है कि जब सारा संसार प्रलय में डूब गया था तब एकमात्र मनु की जीवित बचे थे जिन्होनें आकर पुनः मनुष्य की रचना की। इसलिए मनाली को एक सुंदर हिल स्टेशन होने के साथ-साथ हिन्दुओं का पवित्र तीर्थस्थल भी माना जाता है।
मनाली कैसे पहुंचेंHow to Reach Manali
हवाई मार्ग (By Flight) - मनाली से 50 किमी. की दूरी पर कुल्लू में स्थित भुंतर (Bhuntar Airport) यहाँ का नजदीकी हवाई अड्डा है। मनाली पहुँचने के लिए यहाँ से बस या टैक्सी की सेवाएं ली जा सकती हैं।
रेलमार्ग (By Train) - जोगिन्दर नगर (Jogindar Nagar Railway Station) नैरो गैज रेलवे स्टेशन मनाली का नजदीकी रेलवे स्टेशन है जो मनाली से 135 किमी. की दूरी पर है। मनाली से 310 किमी. दूर चंडीगढ़ नजदीकी ब्रॉड गेज रेलवे स्टेशन है।
सडक़ मार्ग (By Road) - मनाली, हिमाचल और आसपास के शहरों से सडक़ मार्ग से जुड़ा हुआ है। राज्य परिवहन निगम की बसें अनेक शहरों से मनाली जाती हैं।
मनाली घूमने का समयBest time to visit Manali

अक्टूबर से मई के महीने मनाली की सुंदरता में खोने के लिए सबसे उपयुक्त हैं। जुलाई से सितम्बर तक बरसात के मौसम में लैंडस्लाइड (Landslide) का खतरा रहता है इस समय यहाँ की यात्रा न करें और अगर मनाली को बर्फ की सफ़ेद चादर ओढ़े देखना चाहते हैं तो दिसंबर और जनवरी महीने में यहाँ आएं।

Advertisement

0 comments:

 
Top